उतार-चढ़ाव का सामना करने के बाद मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ बाजार, निवेशकों को लगा 3.46 लाख करोड़ का चूना
नई दिल्ली, 01 सितंबर (हि.स.)। घरेलू शेयर बाजार आज दिन भर उतार-चढ़ाव का सामना करने के बाद सपाट स्तर पर मामूली कमजोरी के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत भी सपाट स्तर पर ही हुई थी। बाजार खुलने के बाद उम्मीद से बेहतर जीडीपी ग्रोथ के आंकड़े आने और निचले स्तर पर हो रही वैल्यू बाइंग की वजह से दिन के पहले सत्र में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक तेजी हासिल करते हुए नजर आए। हालांकि, यह तेजी लंबे समय तक टिक नहीं सकी।
दिन का दूसरे सत्र में दोपहर 12 बजे के कुछ देर बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में आई तेजी की वजह से शेयर बाजार पर दबाव बन गया। ऐसे वक्त में बैंकिंग शेयरों की बिकवाली ने बाजार पर दबाव को और बढ़ा दिया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.02 प्रतिशत और निफ्टी 0.10 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुए। आज की कमजोरी के कारण शेयर बाजार के निवेशकों को लगभग 3.46 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
बीएसई का सेंसेक्स आज 36.84 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 76,994.11 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होने के बाद शुरुआती दौर में मामूली उतार-चढ़ाव होता रहा। इसी दौरान जीडीपी ग्रोथ के आंकड़े आने से उत्साहित शेयर बाजार की चाल में तेजी का रुख बन गया। इस तेजी की वजह से सेंसेक्स ओपनिंग लेवल से 235 अंक से अधिक उछल कर 274.60 अंक यानी 0.36 प्रतिशत की मजबूती के साथ 77,231.87 अंक के स्तर तक आ गया।
हालांकि, सेंसेक्स की यह तेजी टिकाऊ नहीं हो सकी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में तेजी आने और घरेलू शेयर बाजार में बैंकिंग शेयरों में जोरदार बिकवाली शुरू हो जाने की वजह से दोपहर 12 बजे के बाद सेंसेक्स गिरता चला गया। लगातार हो रही बिकवाली के दबाव की वजह से यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 575.75 अंक लुढ़क कर 301.15 अंक यानी 0.39 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,656.12 अंक के स्तर तक आ गया। कारोबार के अंत में एक बार फिर खरीदारों ने लिवाली का जोर बनाया, जिससे सेंसेक्स दिन के निचले स्तर से 288.16 अंक की रिकवरी कर 12.99 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,944.28 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के विपरीत एनएसई के निफ्टी ने आज 2.85 अंक यानी 0.01 प्रतिशत की सांकेतिक कमजोरी के साथ 24,077.55 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। सेंसेक्स की तरह ही निफ्टी भी दिन के पहले सत्र में जीडीपी ग्रोथ के बेहतर आंकड़ों से उत्साहित होकर मजबूती के साथ कारोबार करता नजर आया। दिन के दूसरे सत्र में कच्चे तेल की कीमत ने इस सूचकांक को भी झुलसा कर रख दिया।
बाजार खुलने के बाद जीडीपी ग्रोथ के बेहतर आंकड़ों से उत्साहित निफ्टी ओपनिंग लेवल से 65.60 अंक उछल कर 62.75 अंक यानी 0.26 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,143.15 अंक तक पहुंचा। हालांकि, दिन के दूसरे सत्र में सेंसेक्स की तरह ही यह सूचकांक भी ऊपरी स्तर से 190.60 अंक फिसल कर 127.85 अंक यानी 0.53 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,952.55 अंक के स्तर पर आ गया। कारोबार के आखिरी 5 मिनट में खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिससे निफ्टी दिन के निचले स्तर से 103.25 अंक सुधर कर 24.60 अंक यानी 0.10 प्रतिशत की मामूली कमजोरी के साथ 24,055.80 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान बैंकिंग, कंज्यूमर ड्युरेबल्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों की जम कर बिकवाली होती रही। इसी तरह रियल्टी, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, मेटल, हेल्थ केयर और कैपिटल गुड्स इंडेक्स भी गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। दूसरी ओर, आईटी, एफएमसीजी और ऑयल एंड गैस सेक्टर के शेयरों में आज खरीदारी का जोर बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार बिकवाली होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.39 प्रतिशत की गिरावट का शिकार हो गया। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.23 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।
आज स्मॉलकैप और मिडकैप शेयरों में हुई जोरदार बिकवाली के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में लगभग साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये की कमी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद घट कर 488.12 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 491.58 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 3.46 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो गया।
आज दिन भर के कारोबार के दौरान बीएसई में 4,559 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,760 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,563 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 236 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। इसी तरह एनएसई में आज 3,224 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,131 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 2,093 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 12 शेयर बढ़त के साथ, 17 शेयर गिरावट के साथ और एक शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 20 शेयर हरे निशान में और 30 शेयर लाल निशान में बंद हुए।
आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से आईटीसी 4.34 प्रतिशत, भारती एयरटेल 3.60 प्रतिशत, अदानी पोर्ट्स 3.41 प्रतिशत, एचसीएल टेक्नोलॉजी 2.99 प्रतिशत और रिलायंस इंडस्ट्रीज 2.51 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, श्रीराम फाइनेंस 4.58 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 4.41 प्रतिशत, नेस्ले 3.90 प्रतिशत, मैक्स हेल्थकेयर 3.75 प्रतिशत और इंटरग्लोब एवियशन 3.48 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

