उतार-चढ़ाव का सामना करने के बाद मजबूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 5.67 लाख करोड़ का मुनाफा

WhatsApp Channel Join Now
उतार-चढ़ाव का सामना करने के बाद मजबूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 5.67 लाख करोड़ का मुनाफा


उतार-चढ़ाव का सामना करने के बाद मजबूती के साथ बंद हुआ शेयर बाजार, निवेशकों को 5.67 लाख करोड़ का मुनाफा


नई दिल्ली, 09 जुलाई (हि.स.)। सेंसेक्स की वीकली एक्सपायरी के दिन आज घरेलू शेयर बाजार में जोरदार तेजी का रुख नजर आया। हालांकि आखिरी आधे घंटे के कारोबार में बिकवाली का जबरदस्त दबाव बन जाने की वजह से शेयर बाजार की बढ़त सीमित रह गई। पूरे दिन कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.31 प्रतिशत और निफ्टी 0.34 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

आज दिनभर के कारोबार के दौरान रियल्टी, मीडिया और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर के शेयरों में जमकर खरीदारी होती रही। इसी तरह बैंकिंग, कैपिटल गुड्स, एफएमसीजी, हेल्थकेयर, मेटल और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, आईटी और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.38 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.80 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में साढ़े पांच लाख करोड़ रुपये से भी अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 476.35 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 470.68 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 5.67 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिनभर के कारोबार में बीएसई में 4,416 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,915 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,323 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 178 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,989 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,282 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 707 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 20 शेयर बढ़त के साथ और 10 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 30 शेयर हरे निशान में और 20 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 72.54 अंक की मजबूती के साथ 76,576.14 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारों में लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। लगातार हो रही खरीदारी के कारण सुबह 10:30 बजे के करीब सेंसेक्स 823.05 अंक की छलांग लगा कर 77,326.65 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में लगभग पूरे दिन मामूली उतार-चढ़ाव के साथ कारोबार होता रहा।

शाम तीन बजे के थोड़ी देर पहले अचानक बिकवाली का दबाव बन जाने की वजह से यह सूचकांक दिन के ऊपरी स्तर से 679.60 अंक टूट कर 76,647.08 अंक के स्तर तक आ गया। हालांकि अंत में इंट्रा-डे सेटलमेंट के कारण हुई मामूली खरीदारी के कारण सेंसेक्स 94.74 अंक सुधर कर 238.22 अंक की बढ़त के साथ 76,741.82 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 46.90 अंक उछल कर 23,928.95 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही चौतरफा लिवाली शुरू हो गई, जिसकी वजह से सुबह 10:30 बजे के करीब यह सूचकांक 252.65 अंक की उछाल के साथ 24,134.70 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली के झटके भी लगने लगे, जिससे इस सूचकांक की चाल ऊपर-नीचे होने लगी। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से 170 अंक से अधिक फिसल कर 80.75 अंक की मजबूती के साथ 23,962.80 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिनभर हुई खरीद-बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से सन फार्मास्यूटिकल्स 2.67 प्रतिशत, भारती एयरटेल 2.28 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व 2.16 प्रतिशत, इंटर ग्लोब एवियशन 2.06 प्रतिशत और एटरनल 2.01 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर डॉक्टर रेड्डीज लेबोरेट्रीज 5.89 प्रतिशत, इंफोसिस 1.73 प्रतिशत, मारुति सुजुकी 1.60 प्रतिशत, एनटीपीसी 1.43 प्रतिशत और ओएनजीसी 1.36 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Share this story