अगले सप्ताह होगी तीन कंपनियों के आईपीओ की लॉन्चिंग, नौ कंपनियोें के शेयर होंगे लिस्ट
नई दिल्ली, 01 मार्च (हि.स.)। सोमवार यानी 2 मार्च से शुरू होने वाले कारोबारी सप्ताह के दौरान प्राइमरी मार्केट में सामान्य हलचल रहने वाली है। इस सप्ताह तीन कंपनियां अपने आईपीओ को सब्सक्रिप्शन के लिए लॉन्च कर रही हैं। इनमें एक कंपनी मेनबोर्ड सेगमेंट की है, जबकि शेष दो कंपनी एसएमई सेगमेंट की हैं। इसके अलावा पिछले सप्ताह सब्सक्रिप्शन के लिए लॉन्च हुए दो आईपीओ में भी दो और चार मार्च तक बोली लगाने का मौका रहेगा। जहां तक इस सप्ताह शेयर बाजार में होने वाली लिस्टिंग की बात है, तो नौ कंपनियां लिस्टिंग के जरिए स्टॉक मार्केट में अपने कामकाज की शुरुआत करने जा रही हैं।
इस सप्ताह चार मार्च को सेडेमैक मैकेट्रोनिक्स का 1,087.45 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस आईपीओ में छह मार्च तक बोली लगाई जा सकती है। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 1,287 रुपये से लेकर 1,352 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 11 शेयर का है। कंपनी के शेयर 11 मार्च को बीएसई और एनएसई पर लिस्ट हो सकते हैं।
इसी तरह पांच मार्च को एल्फिन एग्रो इंडिया लिमिटेड का 25.03 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस आईपीओ में नौ मार्च तक बोली लगाई जा सकती है। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 47 रुपये प्रति शेयर का मूल्य तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 3,000 शेयर का है। कंपनी के शेयर 12 मार्च को बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं।
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन छह मार्च को श्रीनिवास प्रधान कंस्ट्रक्शंस का 20.32 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। इस आईपीओ में दस मार्च तक बोली लगाई जा सकती है। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 91 रुपये से लेकर 98 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,200 शेयर का है। कंपनी के शेयर 13 मार्च को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं।
इसके अलावा पिछले सप्ताह 26 फरवरी को सब्सक्रिप्शन के लिए खुले स्ट्राइडर्स इंपेक्स के 36.29 करोड़ रुपये के आईपीओ में कल यानी 2 मार्च तक बोली लगाई जा सकती है। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 71 रुपये से लेकर 72 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,600 शेयर का है। कंपनी के शेयर 6 मार्च को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं। इस इश्यू को अभी तक 96 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिल चुका है।
इसी तरह 27 फरवरी को सब्सक्रिप्शन के लिए खुले एसटेक ई-कॉमर्स के 48.95 करोड़ रुपये के आईपीओ में चार मार्च तक बोली लगाई जा सकती है। आईपीओ में बोली लगाने के लिए 106 रुपये से लेकर 112 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 1,200 शेयर का है। कंपनी के शेयर 9 मार्च को एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं। इस इश्यू को अभी तक 26 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिल चुका है।
जहां तक शेयर बाजार में लिस्टिंग की बात है, तो सप्ताह के पहले कारोबारी दिन दो मार्च को ही श्री राम ट्विस्टेक्स और क्लीन मैक्स इनवायरो एनर्जी सॉल्यूशंस के शेयरों की बीएसई और एनएसई पर लिस्टिंग होगी। इसी दिन किआसा रिटेल, एकॉर्ड ट्रांसफॉर्मर एंड स्विच गियर के शेयर बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर और मोबिलाइज ऐप की एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्टिंग होगी। इसके बाद चार मार्च को पीएनजीएस रेवा डायमंड ज्वेलरी के शेयर बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होंगे।
इसके अगले दिन पांच मार्च को ओम्नीटेक इंजीनियरिंग के शेयर बीएसई और एनएसई पर लिस्टिंग के जरिए स्टॉक मार्केट में अपने कारोबार की शुरुआत कर सकते हैं, जबकि यैप डिजिटल की एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्टिंग होगी। वहीं सप्ताह के आखिरी कारोबार दिन छह मार्च को स्ट्राइडर्स इंपेक्स के शेयर एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

